धमतरी , 18 अप्रैल (हि.स.)। शहर के इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। शनिवार को इस प्रतियोगिता में धमतरी सहित विभिन्न जिलों से अंडर-17 वर्ग के 48 खिलाड़ी शामिल हुए। इस कार्यक्रम के आरंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा उपस्थित थे।

बैडमिंटन खेल के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से महानदी स्पोर्टस एंड वेलफेयर सोसायटी धमतरी के तत्वावधान एवं पंडित राजेश शर्मा के सहयोग से दो दिवसीय अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि धमतरी में इतने बड़े स्तर पर खेल आयोजन होना गर्व की बात है। इस तरह के आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है बल्कि युवाओं में खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद कुलेश सोनी, पिंटू यादव, योगेश रायचुरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। समिति के सचिव रितेश नाहर ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-17 पुरुष एकल, ओपन पुरुष युगल और वेटरन्स 40 से अधिक उम्र पुरुष युगल सहित तीन वर्गों में लगभग 90 से अधिक रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। जिसमें पहले दिन धमतरी सहित ओडिशा, दंतेवाड़ा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, कांकेर, मुंगेली, कांकेर, राजिम और दुर्ग से खिलाड़ी पहुंचे थे। पहले दिन अंडर-17 पुरुष एकल की स्पर्धा आयोजित की गई। जिसमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रविवार को ओपन पुरुष युगल और वेटरन्स 40 से अधिक उम्र के पुरुष युगल की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के संचालन में वीरेंद्र सोनी, हेम प्रकाश केशरी, भावेश रजक, अनुजय सहित पूर्व एवं वर्तमान बैडमिंटन खिलाड़ी जुटे हुए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
