वाराणसी, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एमफी थियेटर मैदान में रविवार से दो दिवसीय दिव्य दृष्टि ट्राफी अंतर विश्वविद्यालयी ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ।

प्रतियोगिता में बीएचयू एवं डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ के बीच पहला मैच खेला गया। पुनर्वास विश्वविद्यालय ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 176 रन बनाए । टीम की ओर से रानू ने 5 चौके की मदद से सर्वाधिक 56 रन बनाए। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की ओर से बॉलिंग करते हुए राजन ने 2 विकेट लिए। जवाब में खेलते हुए बीएचयू की टीम मात्र 70 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बीएचयू टीम से पंकज ने सर्वाधिक 07 रन बनाए।
पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ की ओर से आलम ने 3 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पुनर्वास विश्वविद्यालय के रानू को दिया गया। मैच में अमूल्य उपाध्याय एवं आशीष सेठ ने कमेंट्री प्रस्तुत किया।
इसके पूर्व टूर्नामेंट का शुभारम्भ समाजसेवी केशव जालान ने किया। इस अवसर पर केशव जालान ने कहा कि ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन दिव्यांगजनों की सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा । इस तरह के आयोजन में समाज की सहभागिता आवश्यक है। उद्घाटन के अवसर पर भाजपा नेता अशोक चौरसिया, एआईडीसीए की उपाध्यक्ष कमलजीत कौर गिल, ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ उत्तम ओझा,महामंत्री डॉ संजय चौरसिया, मदन मोहन वर्मा,डॉ मनोज तिवारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
