कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को दूध से भरे टैंकर ने टक्कर मार दी। तीनों युवक टैंकर में फंसकर करीब 70 से 80 मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित परिजनों ने शवों को हाईवे पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।

घाटमपुर के नौबस्ता निवासी बुजुर्ग महिला प्रेमा देवी की लंबी बीमारी के चलते बुधवार को मौत हो गई थी। गुरुवार को उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बलवान (35), उसका चचेरा भाई अजय (32) और सूरज (29) एक ही बाइक पर सवार होकर मूसानगर के यमुना घाट जा रहे थे। शाखा जनवारा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार दूध से भरे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक टैंकर के नीचे आ गए और करीब 70 से 80 मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे तीनों के शव क्षतिग्रस्त हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बताया कि टक्कर के बाद तीनों युवक टैंकर के पहिए के नीचे फंस गए थे, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर तकरीबन 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर किसी तरह हाईवे को खाली कराया।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
