मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्य अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने गुरुवार को बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत की हर एंगल से जांच की जा रही है।

सीआईडी के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक सुनील रामचंद्र ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हादसे के पीछे कोई साजिश है या फिर लापरवाही या फिर आपराधिक साजिश, हर एंगल से जांच की जा रही है। इस मामले की जांच अन्य जांच संस्थाओं द्वारा भी की जा रही है। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को भी पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की टेक्निकल जांच की जा रही है, उसकी रिपोर्ट आने पर जांच रिपोर्ट को हमारी जांच में शामिल किया जाएगा। सभी जांच पूरी होने के बाद कोई साजिश या किसी तरह का आपराध सामने आता है, तो सीआईडी कोर्ट में केस चलाने के लिए तैयार है।

अतिरिक्त पुलिस महासंचालक ने कहा कि सीआईडी की जांच बहुत सही दिशा में जा रही है। हमारी टीम बड़ी है। पुणे और मुंबई सीआईडी ऑफिसर जांच कर रहे हैं। वे सही स्पीड से और सही सुपरविजन में घटना की जांच कर रहे हैं। जैसे-जैसे सबूत सामने आएंगे, यहां बहुत से नतीजे निकलेंगे। फिर सब कुछ बताया जाएगा।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
