मुंबई, 29 जनवरी (हि.स.)। बारामती विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच राकांपा नेताओं ने पवार की पत्नी सांसद सुनेत्रा पवार से मुलाकात की है। इन नेताओं में राकांपा एपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र प्रदेश राकांपा एपी के अध्यक्ष सुनील तटकरे, वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, नरहरि जिरवल आदि शामिल थे।

इन नेताओं के बीच हुई चर्चा का पता नहीं चल सका है, लेकिन मंत्री नरहरि जिरवल ने कहा कि सुनेत्रा पवार को ही राज्य का उपमुख्यमंत्री पद दिया जाना चाहिए। साथ ही सुनेत्रा पवार को ही पार्टी की भी बागडोर संभालनी चाहिए। जिरवल ने कहा कि पार्टी के अधिकांश नेताओं की यही इच्छा है, लेकिन इसका निर्णय पार्टी को तत्काल लेना चाहिए। हालांकि इस विषय पर राकांपा एपी के नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने कोई व्यक्तव्य नहीं दिया।

इसी क्रम में राकांपा (एसपी) के नेता जयंत पाटिल, अनिल देशमुख आदि भी सुनेत्रा पवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी। इन नेताओं ने इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी, लेकिन बताया जा रहा है कि राकांपा एसपी के नेताओं ने दोनों राकांपा का विलय करने की मंशा सुनेत्रा पवार के समक्ष व्यक्त की है। इस बाबत आगामी कुछ दिनों में स्पष्ठता आने की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
