मुंबई, 08 फरवरी (हि.स.)। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट में अडोशी टनल के पास गैस टैंकर हादसे के बाद अटल सेतु पर भी इमरजेंसी सिस्टम को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। इसी पृष्ठभूमि में शिवसेना (यूबीटी) के विधायक मिलिंद नार्वेकर ने अटल बिहारी वाजपेयी शिवड़ी-न्हावा शेवा सेतु पर भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है और अटल सेतु पर आपात स्थितियों से निपटने के लिए हैलीपैड बनाने की है।

नार्वेकर ने पत्र में लिखा है कि इस महीने की 3 तारीख को खंडाला घाट पर बहुत ज़्यादा ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहे एक टैंकर के पलट जाने के बाद हाईवे पर 36 घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा। इस घटना से यात्रियों को बहुत परेशानी हुई। इस घटना से साफ हो गया है कि हाईवे पर इमरजेंसी मैनेजमेंट सिस्टम काफी सक्षम नहीं है।
नार्वेकर ने अटल सेतु पर इमरजेंसी सिस्टम की पूरी तरह से समीक्षा करने की मांग की है। क्योंकि यह 21.8 किमी लंबा पुल समुद्र के ऊपर से गुज़रता है। इसलिए किसी दुर्घटना, आग या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत का काम ज़्यादा मुश्किल हो सकता है। बढ़ते ट्रैफिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अटल सेतु पर कुशल इमरजेंसी सिस्टम, इमरजेंसी राहत सिस्टम और हेलीपैड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए जाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
