हल्द्वानी , 27 फ़रवरी (हि.स.)। लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं में निर्माणाधीन 85 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का निदेशक डेरी विकास विभाग अशोक कुमार जोशी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने प्लांट में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की बारीकी से जांच-परख की। साथ ही डेरी विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं, मशीनरी स्थापना और तकनीकी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। संचालन से दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस दौरान निदेशक अशोक कुमार जोशी ने दुग्ध शाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग व्यवस्था को देखकर संतोष व्यक्त करते हुए गदगद नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित उत्पाद पहुंच सकें।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि डेरी की उपयोगिता और उत्पादन क्षमता को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मशीनरी की स्थापना शीघ्र कराई जानी चाहिए, ताकि प्लांट का संचालन समय पर शुरू हो सके और दुग्ध उत्पादकों को अधिकतम लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबन्धक यूसीडीएफ आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, सामान्य प्रबंधक दुग्ध संघ अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता
