भागलपुर, 10 मार्च (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के दोगच्छी बायपास मोड़ के समीप मंगलवार को हुए एक सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित ट्रक ने दूध से भरे कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कंटेनर पलट गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बेगूसराय जिले के फतेहपुर निवासी 26 वर्षीय युवक है।

बताया जा रहा है कि युवक दूध से भरा कंटेनर लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर सड़क पर पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
