अनूपपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में संचालित डॉक्टर अंबेडकर सेंटर फॉर एक्सीलेंस के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली यूपीएससी/ एमपीपीएससी/ सीजीपीएससी/गेट की निःशुल्क कोचिंग सुरक्षित वर्ग के साथ समान्य वर्ग के निर्धन एवं समान्य वर्ग के विद्यार्थियों को भी शामिल किए जाने की मांग को लेकर छात्र प्रतिनिधियों ने बुधवार को मांग पत्र सौंपा।

यह ज्ञापन छात्र नितिन मिश्रा एवं उनके साथियों द्वारा विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. तरुण ठाकुर को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र योजना, जो कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा संचालित के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

छात्रों ने मांग की कि शिक्षा पर सभी का समान अधिकार है, इसलिए इस कोचिंग सुविधा का लाभ सुरक्षित वर्ग के साथ समान्य वर्ग के निर्धन एवं समान्य वर्ग के पात्र एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी दिया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक छात्र उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
प्रो. तरुण ठाकुर ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि शिक्षा सभी का अधिकार है और इस विषय में सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देता है तथा समावेशी शिक्षा की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि सभी वर्गों को समान अवसर मिलेगा तो विश्वविद्यालय से अधिक संख्या में विद्यार्थी यूपीएससी/ एमपीपीएससी/ सीजीपीएससी/गेट जैसी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे, जिससे विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। छात्रों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही इस संबंध में उचित निर्णय लेकर व्यापक छात्र हित में कदम उठाने का अश्वसन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
