नोएडा, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार दाेपहर बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 10 में स्थित नवनिर्मित केडीएसजी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल पूर्व क्रिकेटर कपिल देव और उनकी कंपनी ने निर्मित कराया है। इस अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारकाें का भी इलाज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री याेगी ने नवनिर्मित केडीजीएस सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के उद्घाटन पर यहां विधिवत पूजन व हवन में मुख्य जजमान के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर कपिल देव, उनकी धर्मपत्नी रोमा देव, क्षेत्रीय सांसद डॉ महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, उत्तर प्रदेश के मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक तेजपाल नागर, धीरेंद्र सिंह, एमएलसी नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के उद्घाटन के दौरान पूरे परिसर का भ्रमण किया। इस दाैरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री काे बताया गया कि यहां आयुष्मान कार्डधारकों का भी इलाज किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत को प्रथम विश्व कप दिलवाने वाले महान क्रिकेटर कपिल देव व उनके परिवार को अब स्वास्थ्य सेवा में प्रवेश के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने सेवा के प्रकल्प के रूप में अस्पताल बनाया है। इससे न केवल जनपदवासियों को बल्कि एनसीआर से जुड़े सभी जनपदों के नागरिकों को यहां पर सुपर स्पेशलिस्ट की बेहतरीन सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का क्षेत्र में हर एक व्यक्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वाभाविक रूप से हर व्यक्ति किसी ने किसी रूप में स्वास्थ्य की सुविधा के लिए निर्भर रहता है। सरकार ने अपने स्तर पर प्रयास किया, लेकिन जब तक निजी क्षेत्र की सहभागिता नहीं होगी तबतक बहुत कठिन होता है, हर व्यक्ति के लिए अच्छी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हुई है। आज भारत में आयुष्मान भारत के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उसमें उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी को समाप्त कर देता है। उन्होंने कहा कि जब कपिल देव भारत के बॉलर और कप्तान के रूप में मैच खेलते थे तो पाकिस्तान की टीम पहले ही आधा मैच हार जाता था। अगर हम यह मान लें कि अस्पताल कपिल देव है और बीमारी पाकिस्तान है तो बीमारी पहले ही आधी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अच्छी सलाह और व्यवहार से जब मरीज जल्दी ठीक होता है तो अस्पताल का भी नाम होता है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित डीवाई पाटिल ग्रुप के साथ मिलकर कपिल देव ने अस्पताल चलाने का दायित्व लिया है, यह बहुत प्रतिष्ठित और एक प्रोफेशनल ग्रुप है। उसने महाराष्ट्र में अच्छा काम किया है और उसका अनुभव अब गौतमबुद्ध नगर और एनसीआर से जुड़े हुए जनपदों को भी प्राप्त होगा। याेगी नेकहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में हेल्थ केयर के क्षेत्र में बहुत काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक भारत में सिर्फ 6 एम्स थे, जाे काफी परेशानियों के साथ काम कर रहे थे। आज देश में विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस 23 एम्स कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले केवल 17 मेडिकल कॉलेज यूपी में थे लेकिन आज 75 जनपदों में 71 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। जबकि चार जल्द ही शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि केडीजीएस ग्रुप अगर मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में आएगा तो स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
याेगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वन जिला वन मेडिकल कॉलेज लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट गौतमबुद्ध नगर जिले में शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में भारत के मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का 55 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 कंपोनेंट इसी जनपद मे बन रही हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी भी यही बन रही है। मेडिकल डिवाइस पार्क इसी जनपद में बन रहा है। लॉजिस्टिक का बड़ा केंद्र और कार्गो का एक बड़ा केंद्र इस जनपद में विकसित हो रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
