जम्मू, 10 फ़रवरी (हि.स.)। नागरिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जम्मू वेस्ट के विधायक अरविंद गुप्ता ने आज वार्ड नंबर-12 स्थित अपर कृष्णा नगर में लंबे समय से लंबित डीप ड्रेन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।

करीब 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना विधानसभा विकास निधि से क्रियान्वित की जा रही है जिसका उद्देश्य क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना है। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला टीम सदस्य, मंडल अध्यक्ष व पार्टी कार्यकर्ता, जम्मू नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो रही है।

इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि जमीनी स्तर पर विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह डीप ड्रेन अपर कृष्णा नगर के निवासियों को जल निकासी और स्वच्छता संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत प्रदान करेगा। उन्होंने संबंधित एजेंसियों और जेएमसी अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। विधायक ने स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए आश्वासन दिया कि आने वाले समय में क्षेत्र में सड़कों, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने इस लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
