भराड़ीसैंण, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार संवेदनशीलता से काम कर रही है। अब तक प्रदेश के 21 हजार 743 बच्चों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया जा चुका है।

विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में 6वीं से 12वीं तक के छात्रों को 600 से 1,200 रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जा रही है। श्रीदेव सुमन राज्य योग्यता छात्रवृत्ति योजना में अब तक 3,289 और डॉ शिवानंद नौटियाल स्मृति छात्रवृत्ति योजना में 527 मेधावी छात्रों को लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में सबसे ज्यादा 17 हजार 852 बच्चे लाभान्वित हुए हैं। धामी सरकार ने समस्त छात्रवृत्ति योजनाओं के पात्र छात्रों में अब तक 17 करोड़ 67 लाख 77 हजार तीन सौ रुपये वितरित किए हैं।
राज्य में इसके अलावा डॉ. शिवानंद नौटियाल स्मृति छात्रवृत्ति योजना, श्रीदेव सुमन राज्य योग्यता छात्रवृत्ति योजना और राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कोर छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही हैं। प्रदेश से बाहर सैनिक स्कूलों में पढ़ रहे मेधावी छात्रों को भी छात्रवृत्ति का लाभ मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
