भुवनेश्वर, 05 मार्च (हि.स.)। भारत के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर आज ओडिशा पहुंचेंगे।

शाह आज शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे और कल सुबह कटक के मुंडली में आयोजित सीआईएसएफ स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री खोरधा जिले के जतनी में नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की आधारशिला भी रखेंगे। इसके साथ ही वह भुवनेश्वर में एनएफएसयू के ट्रांजिट कैंपस का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद अमित शाह भुवनेश्वर के आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान में नए आपराधिक कानूनों (न्याय संहिता) पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे तथा कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
इस बीच, भुवनेश्वर–कटक पुलिस कमिश्नरेट ने अमित शाह के दो दिवसीय दौरे को ध्यान में रखते हुए यातायात संबंधी एडवाइजरी भी जारी की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
