कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रहने के आरोप में गिरफ्तार दो बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस की तरफ से शनिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक रीजेंट पार्क थाना क्षेत्र से गिरफ्तारबिस्वजीत सील पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बिस्वजीत सील अवैध रूप से मेघालय के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल पहुंचा और फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाकर यहां रहने लगा। इस मामले में भवानीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को सुरक्षा नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
एक अन्य घटना में नारायणपुर थाना पुलिस ने बांग्लादेश के सतखीरा जिले के रहने वाले दीपक मंडल नामक व्यक्ति को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नवंबर में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार दीपक मंडल नारायणपुर इलाके में रह रहा था और पिछले चार वर्षों में वह कथित तौर पर छह बार भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर चुका था। मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
