मेदिनीपुर, 10 फरवरी (हि. स.)। मंगलवार दोपहर को नंदकुमार के बाखराबाद इलाके में हल्दिया-मेचेदा राष्ट्रीय मार्ग के किनारे स्थित एक अवैध तेल गोदाम में भयावह आग लग गई। लपटों और काले धुएं से आकाश घिर गया, जिससे आसपास का इलाका दहशत में आ गया। घटना के कारण राष्ट्रीय मार्ग पर भारी भीड़ जमा हो गई जिससे यातायात बाधित हो गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम से अचानक धुआं उठते ही आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। आग की तीव्रता दहनशील पदार्थों के कारण और बढ़ गई। सूचना मिलने पर नंदकुमार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और थोड़ी देर में दो दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

गोदाम के भीतर मौजूद तेल की मात्रा और नुकसान का आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने का कारण भी फिलहाल सुनिश्चित नहीं हो सका है। दमकलकर्मी इसकी जांच में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पुलिस की नाक के नीचे यह अवैध ‘कटिंग ऑयल’ का व्यापार चल रहा था। उनका कहना है कि राष्ट्रीय मार्ग पर चलने वाले भारी वाहनों से तेल उतारकर गोदाम में जमा किया जाता और बाद में मिलावट कर ऊंचे दाम में बेचा जाता था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
