गुवाहाटी, 08 फरवरी (हि.स.)। गुवाहाटी के पानीखाइती में आयोजित पूर्वोत्तर क्षेत्रीय वैदिक गणित प्रशिक्षण वर्ग का रविवार काे सफल समापन हुआ। 3 फरवरी से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में असम प्रांत के 9 विभागों से 17 प्रतिभागियों तथा दक्षिण असम प्रांत से एक प्रतिभागी सहित कुल 18 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय वैदिक गणित संयोजक देवेंद्र राव देशमुख तथा क्षेत्रीय वैदिक गणित प्रमुख महानंद दास पूरे समय उपस्थित रहकर प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते रहे। शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रचार प्रमुख संयोजक मुकुटेश्वर गोस्वामी के अनुसार, असम प्रांत के वैदिक गणित प्रमुख परमानंद डेका, प्रांतीय टोली के सदस्य हेमंत कुमार देव एवं कंदर्प कुमार दास तथा बंगाईगांव विभाग के प्रमुख देवेंद्र नाथ राय संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2001 में होजाई से प्रारंभ हुई वैदिक गणित यात्रा ने इस वर्ष असम में 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष में प्रवेश किया है। प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन समारोह में शिशु शिक्षा समिति, असम के सचिव जगन्नाथ राजबंशी हिस्सा लिया। साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. गंगा प्रसाद प्रसेन ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी तथा विद्या भारती के उच्च शिक्षा संगठन मंत्री डॉ. केएन रघुनंदन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत वैदिक गणित को पाठ्यक्रम में सम्मिलित किए जाने को समयोचित बताया।
समापन समारोह में शिशु शिक्षा समिति, असम के अध्यक्ष कुलेंद्र कुमार भागवती ने असम में वैदिक गणित के अधिक प्रसार एवं लोकप्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय संयोजक देवेंद्र राव देशमुख ने असम में वैदिक गणित की 25 वर्षों की प्रगति की सराहना करते हुए विद्या भारती के प्रथम विश्वविद्यालय ‘प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय’ में वैदिक गणित पाठ्यक्रम को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।—————
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
