-आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्र

-15 अप्रैल से अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करें
प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने असिस्टेंट प्रोफेसर की पुनर्परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 18 और 19 अप्रैल को दो पालियों में आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
यह भर्ती परीक्षा दो पालियों में सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 तक और दोपहर 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक आयोजित की जाएगी। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा को लेकर सभी सूचनाएं शिक्षा सेवा चयन आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर अपलोड है। भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 15 अप्रैल से वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थी बगैर वैध प्रवेश पत्र के परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकेंगे।
आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि पहली पाली में 18 अप्रैल को नौ विषयों एशियन कल्चर, म्यूजिक तबला, फिजिकल एजुकेशन, उर्दू, इंग्लिश, सोशियोलॉजी, केमिस्ट्री एजुकेशन और जूलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की भर्ती परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में कुल 8 विषयों बॉटनी, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, हिंदी, लॉ, एनिमल हसबेंडरी एंड डेरीइंग, म्यूजिक वोकल, फिलासफी और एंथ्रोपॉलजी के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए भर्ती परीक्षा होगी।
वहीं, दूसरे दिन 19 अप्रैल को पहली पाली में हॉर्टिकल्चर, मिलिट्री साइंस व डिफेंस स्टडीज, ड्राइंग, होम साइंस, संस्कृत, हिस्ट्री, मैथमेटिक्स और ज्योग्राफी विषय के लिए भर्ती परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में भी आठ विषयों स्टैटिसटिक्स, साइकोलॉजी, इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस, एंसिएंट हिस्ट्री, कॉमर्स, म्यूजिक सितार इंस्ट्रूमेंट और फिजिक्स विषयों की परीक्षा होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
