काशीपुर, 31 जनवरी (हि.स.)।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में शनिवार से आयोजित तीन दिवसीय नेतृत्व विकास कार्यक्रम संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में राज्य के सभी 13 जनपदों के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के प्राचार्य एवं नियोजन विभाग के प्रवक्ताओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत व्यक्तित्व विकास, मनोविज्ञान, प्रभावी संचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, सचेतन, डिजिटल टेक्नोलॉजी, नेतृत्व विकास, वित्तीय नियोजन एवं बजट जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इन विषयों के विद्यालयी एवं शैक्षिक संस्थानों में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रतिभागियों की समझ विकसित की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रोफेसर देवयानी चटर्जी, मयंक शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ माथुर, हरीश कुमार, वैभव भमोरिया, शुभम शर्मा, आशीष कुमार, अनिरुद्ध जैन, मृदुल महेश्वरी एवं ए.वी. रमन ने अपने विचार और अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के समापन पर भारतीय प्रबंध संस्थान के निदेशक ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
