लखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपने मानवीय दायित्वों के लिए भी जाना जाता है। इसी कर्तव्य भावना के तहत गुरूवार को आईटीबीपी के जवानों ने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में रक्तदान किया।

आईटीबीपी जैसे सैन्य बल विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ शांति काल में भी मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य यह दर्शाते हैं कि सैनिकों की सेवा भावना केवल सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन की रक्षा से भी गहराई से जुड़ी हुई है।
इस अवसर पर जवानों ने यह संदेश दिया कि एक सच्चा सैनिक वही है जो देश की रक्षा के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर मानव जीवन बचाने के लिए भी सदैव तत्पर रहता है।
एसजीपीजीआई प्रशासन ने आईटीबीपी जवानों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे सैन्य बलों की अनुशासन, त्याग और मानवता से परिपूर्ण छवि का प्रतीक बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
