श्रीनगर, 25 जनवरी (हि.स.)।

एजीएमयूटी कैडर के सम्मानित आईपीएस अधिकारी और कश्मीरी मूल के निवासी डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल को विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। अधिकारी के अनुसार डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा आज की गई।
डोडा जिले के भदरवाह के मूल निवासी डॉ. मुगल ने जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान (जीवविज्ञान) में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है और कश्मीर और जम्मू दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। डॉ. मुगल हंदवारा, किश्तवार, बारामूला, राजौरी और श्रीनगर के जिला पुलिस प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने 2019 से 2021 के महत्वपूर्ण समय के दौरान एसएसपी श्रीनगर के रूप में कार्य किया।
उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक (संचालन) एसएसपी सतर्कता जम्मू एसएसपी सीआईडी कश्मीर और एसएसपी ट्रैफिक नेशनल हाईवे के पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। पदोन्नति के बाद उन्हें 2022 से 2024 के बीच डीआईजी राजौरी-पूंछ रेंज में तैनात किया गया। वर्तमान में वे डीआईजी ट्रैफिक जम्मू के पद पर कार्यरत हैं।
इससे पहले उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, वीरता के लिए पुलिस पदक (तीन बार), सराहनीय सेवाओं के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस पदक और वीरता के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
