-150 से अधिक कस्टम, इमिग्रेशन कर्मियों व ट्रक चालकों की हुई जाँच

पूर्वी चंपारण,13 मार्च (हि.स.)। भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) रक्सौल परिसर में शुक्रवार को एक दिवसीय मुफ्त स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें आईसीपी से जुड़े विभिन्न विभागों के कर्मियों तथा ट्रक चालकों की स्वास्थ्य की जाँच की गई। शिविर में कस्टम, इमिग्रेशन, कार्यालय कर्मियों के साथ-साथ ट्रक चालकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं ब्लड ग्रुप की जाँच की गई। शिविर में करीब 150 से अधिक लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श के साथ मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। आईसीपी रक्सौल के प्रबंधक कुमार राजीव रंजन ने बताया कि आईसीपी केवल आयात-निर्यात की सुविधा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच शिविर सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य आईसीपी से जुड़े कर्मियों एवं श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें समय पर चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य जाँच शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के प्रभारी डॉ. राजीव रंजन एवं वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने लोगों की जाँच की। टीम में एएनएम इंदु कुमारी, नीरज कुमारी के साथ स्वास्थ्यकर्मी रवींद्र कुमार और नवीन कुमार आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ एवं सचिव लायन मोहम्मद निजामुद्दीन भी मौजूद रहे और शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया। वहीं आईसीपी के अग्निशमन विभाग से श्याम बाबू सिंह के साथ उनके सहयोगी सुरभि सिंह, अख्तर सैफी और प्रिया रानी ने भी व्यवस्था में सहयोग किया। इसके अलावा आईसीपी की स्वास्थ्य इकाई से सुमन कुमारी, अर्जुन मिश्रा और अंचल मिश्रा ने शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर को लेकर आईसीपी परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और ट्रक चालकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें अपने स्वास्थ्य की नियमित जाँच कराने का अवसर मिलता है और समय रहते बीमारियों की जानकारी भी मिल जाती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार
