आगरमालवा, 09 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार मध्य रात्रि में अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एमडी ड्रग्स सहित मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जिले के कानड़ पुलिस थानान्तर्गत ग्राम बटावदा निवासी अरबाज खान एवं कादर खान मोटरसाइकिल से एमडीएमए (एमडी) ड्रग्स लेकर कानड़ रोड से आगरमालवा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा त्वरित योजना बनाकर कानड़ रोड स्थित परसुखेड़ी तालाब के पास हनुमान मंदिर के समीप घेराबंदी कर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों को रोका गया। वैधानिक प्रक्रिया एवं तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 81.25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (एमडी) ड्रग्स जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये, एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-70-झेडडी-1226 कीमत करीब 60 हजार रुपये, तथा वीवो कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन कीमत लगभग 10 हजार रुपये बरामद किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ के क्रय-विक्रय एवं परिवहन से संबंधित विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा
