कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी और उनकी उपलब्धियाँ संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करती : डीआरएम

मुरादाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मुरादाबाद के मनन सभागार में बुधवार शाम को एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सेमिनार में प्रतिभाग किया और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली मुख्यालय में प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक मोनिका अग्निहोत्री ने कहा कि महिलाओं की कार्यक्षमता, नेतृत्व क्षमता और रेलवे के संचालन में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
मोनिका अग्निहोत्री ने आगे कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही है और भारतीय रेल भी इस दिशा में निरंतर प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। मुरादाबाद रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि मोनिका अग्निहोत्री फ्लावर पॉट भेंट कर स्वागत किया।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी और उनकी उपलब्धियाँ संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी महिला कर्मचारियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने कौशल का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डा. माधुरी सिंह, सेक्रेटरी, सृजन भारती (एनजीओ) ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज में महिलाओं की भूमिका तथा उनके सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला।
सेमीनार में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) ऋचा शर्मा , मुख्य चिकित्सा अधीक्षक इन्द्रजीत कौर सहित सभी महिला अधिकारीगणों एवं उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, मुरादाबाद मंडल की पदाधिकारी ने नारी सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर प्रकाश डाला।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
