कांकेर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले की चारामा पुलिस ने आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपित काे गिरफ्तार किया है। आरोपित ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज फैलाए थे । पुलिस द्वारा चारामा थाना में कार्रवाई उपरांत आज शुक्रवार काे आराेपित काे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की बहन ने 25 मार्च को चारामा थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया कि 24 और 25 मार्च 2026 को उसके बहनोई मुकेश ठाकुर (30) निवासी धनगांव, बालोद ने अपने मोबाइल नंबर से कई इंस्टाग्राम आईडी बनाईं। इन आईडी और व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल कर उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज वायरल किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 79, 75, 238, 319 बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67 (ए), 66 (डी), 66 (ई) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपित मुकेश ठाकुर फरार था, जिसकी तलाश कर पकड़ने के बाद पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक तस्वीरें और मैसेज वायरल किए थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
