
जौनपुर,01 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नासही स्थित शिया जामा मस्जिद से सैय्यद अली खामनाई की शहादत की खबर के बाद शोक व्यक्त करते हुए रविवार देर शाम कैंडल मार्च निकाला गया। इसके उपरांत मजलिस का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ईरान पर हुए हमले में शहीद हुए आयतुल्लाह सैय्यद अली खामनाई, जिन्हें शिया समुदाय अपना धर्मगुरु और ईरान का सर्वोच्च नेता मानता है, की शहादत से समुदाय में गहरा दुख व्याप्त है। जफराबाद के इमाम-ए-जुमा मौलाना शाजान ज़ैदी की अध्यक्षता में आयोजित कैंडल मार्च में विभिन्न धर्मों के लोग शामिल हुए और एकजुटता का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत मगरिब की अजान और नमाज के बाद हुई। रोज़ा इफ्तार के उपरांत श्रद्धालुओं ने हाथों में मोमबत्तियां और खामनाई की तस्वीरें लेकर शांतिपूर्वक मार्च निकाला। प्रतिभागियों ने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घटना की निंदा की।कैंडल मार्च के समापन के बाद आयोजित मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना शाजान ज़ैदी ने कहा कि खामनाई ने अपने देश और सिद्धांतों की रक्षा करते हुए अंत तक कर्तव्य का निर्वहन किया। उन्होंने उनके साहस, सादगी और नेतृत्व क्षमता को याद करते हुए कहा कि उनकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।इस अवसर पर हैदर रज़ा, शकील अहमद, फैजान आब्दी, औसाफ़ हुसैन आब्दी, हसन मेहंदी, गुड्डू रज़ा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में दिवंगत नेता की मग़फिरत के लिए दुआ की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

