गांधीनगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। गांधीनगर के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) की ओर से दो दिवसीय “जेंडर सेंसिटाइजेशन, न्यूट्रिशन और पोश अवेयरनेस सेमिनार” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुजरात सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत जेंडर रिसोर्स सेंटर के सहयोग से सेतु कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।

सेमिनार का उद्घाटन प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) कल्पेश एच. वांद्रा के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को विकसित करना भी है।

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए गए। डॉ. धर्मेश कुमार, डी. प्रजापति ने जेंडर और विकास पर समग्र दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। डॉ. एकता खारडे ने पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। महेंद्र मकवाणा ने जेंडर समानता में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। प्रतिभागियों को अपने शैक्षणिक और पेशेवर जीवन में सम्मानजनक और समावेशी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम डीन प्रो. (डॉ.) प्रियंका शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
