नगर निकायों और महानगर पालिकाओं की प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ बनाने की पहल

वाराणसी,12 मार्च (हि.स.)। पूरे देश में शहरी आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा नगर निकायों की क्षमता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत आवास एवं शहरी विकास निगम और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (आईआईटी बीएचयू) के मध्य सहमति ज्ञापन पर गुरूवार को हस्ताक्षर किया गया।
आईआईटी परिसर में आवास एवं शहरी विकास निगम के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार तथा संस्थान के अनुसंधान एवं विकास संकायाध्यक्ष प्राध्यापक राजेश कुमार ने सहमति ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में निगम के संयुक्त महाप्रबंधक संजय कुमार, संस्थान के सहायक प्राध्यापक ई. वी. एस. किरण कुमार तथा वास्तुकला, नियोजन एवं अभिकल्प विभाग के अध्यक्ष डॉ. रबी नारायण मोहंती भी उपस्थित रहे।
यह सहयोग नगर निकायों और महानगर पालिकाओं की प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है। इसके अंतर्गत प्रशिक्षण, अनुसंधान, कार्यशालाएँ तथा शहरी आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न विषयों पर अध्ययन कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों संस्थानों का यह सहयोग नगर प्रशासन को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और बेहतर प्रबंधन दक्षता प्रदान करेगा, जिससे शहरी विकास योजनाओं को अधिक संगठित, प्रभावी और टिकाऊ स्वरूप मिल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
