इंडियन वेल्स, 12 मार्च (हि.स.)। मौजूदा चैंपियन ग्रेट ब्रिटेन के जैक ड्रेपर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर इंडियन वेल्स मास्टर्स 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। कड़े मुकाबले में ड्रेपर ने जोकोविच को 4-6, 6-4, 7-6 (7/5) से मात दी।

ब्रिटेन के ड्रेपर ने इस मुकाबले में जबरदस्त संघर्ष दिखाया और तीसरे सेट में 38 वर्षीय जोकोविच को थका कर जीत हासिल की। इस हार के साथ ही सर्बिया के स्टार खिलाड़ी जोकोविच का 2016 में अपना पांचवां खिताब जीतने के बाद पहली बार इंडियन वेल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया।
मैच के बाद ड्रेपर ने कहा कि उन्होंने यह मुकाबला अपने जज्बे और सकारात्मक सोच के दम पर जीता। उन्होंने कोर्ट पर जोकोविच को लगातार दौड़ने पर मजबूर किया और कई शानदार ड्रॉप शॉट लगाए।
पहले दो सेट में मुकाबला बेहद करीबी रहा। तीसरे सेट की शुरुआत में ही एक लंबी और रोमांचक रैली देखने को मिली, जिसमें दोनों खिलाड़ी ड्रॉप शॉट और लॉब का जवाब देते रहे। आखिरकार जोकोविच ने ओवरहेड शॉट लगाकर अंक अपने नाम किया, लेकिन इस दौरान वह काफी थक चुके थे।
जोकोविच ने बाद में कहा कि उस लंबे पॉइंट के बाद उनकी ऊर्जा लगभग खत्म हो गई थी। उन्होंने कहा कि वह एक अहम पॉइंट जरूर जीत गए थे, लेकिन इसके बाद उनके पास ज्यादा ताकत नहीं बची।
तीसरे सेट में ड्रेपर ने जोकोविच की सर्विस तोड़ दी, हालांकि 5-4 की बढ़त पर मैच खत्म करने का मौका वह तुरंत भुना नहीं सके। इसके बाद मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां जोकोविच 4-3 से आगे थे, लेकिन ड्रेपर ने शानदार वापसी करते हुए 7-5 से टाईब्रेक जीत लिया।
जोकोविच ने कहा कि मैच के आखिर में उन्हें दर्शकों का समर्थन मिला और उन्हें लगा कि शायद वह मुकाबला पलट सकते हैं, लेकिन अंत में जीत ड्रेपर के हिस्से में गई।
करीब छह महीने तक चोट के कारण कोर्ट से दूर रहने के बाद वापसी कर रहे ड्रेपर इस जीत से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि जोकोविच जैसे महान खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल करना उनके लिए गर्व की बात है।
अब क्वार्टर फाइनल में ड्रेपर का मुकाबला रूस के खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव से होगा। मेदवेदेव ने अपने मुकाबले में अमेरिका के एलेक्स माइकेलसन को 6-2, 6-4 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
