इंदौर, 03 मार्च (हि.स.)। इजराइल-ईरान युद्ध के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई अन्य यात्रियों की मंगलवार को स्वदेश वापसी हो गई। दुबई और शारजाह में उड़ानें प्रभावित होने के कारण ये लोग पिछले कुछ दिनों से वहीं रुके हुए थे।

दरअसल, इंदौर से पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा (सहारा ग्रुप), मनीष अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), पिंटू छाबड़ा (सी-21), गोलू पाटनी सहित अन्य इंदौरी उद्योगपति एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दुबई गए थे। इसी दौरान इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू हो गया, जिससे यूएई में हालात प्रभावित हुए और कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-इंदौर फ्लाइट भी रद्द कर दी गई थी। इसके चलते इंदौर, भोपाल और मध्य प्रदेश के अन्य जिलों के सैकड़ों यात्री दुबई और शारजाह में फंसे रहे तथा कई लोगों को होटल में अतिरिक्त दिन रुकना पड़ा।
हालांकि 2 मार्च की शाम से दुबई और अबूधाबी से कुछ उड़ानें पुनः शुरू हुईं। दुबई एयरपोर्ट से रवाना हुई उड़ान से संजय शुक्ला समेत प्रदेश के कई अन्य यात्री मंगलवार सुबह सुरक्षित मुंबई पहुंच गए। वहां से वे दूसरी फ्लाइट लेकर इंदौर रवाना हुए।
स्वदेश लौटने वालों में संजय शुक्ला के अलावा विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल और आदित्य शर्मा सहित अन्य यात्री शामिल रहे। मुंबई पहुंचने पर यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस बीच प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली में संबंधित मंत्रालयों से संपर्क किया था, जबकि कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हस्तक्षेप की मांग की थी। सरकार और एयरलाइन कंपनियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उड़ान भरने से पहले संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बाबा महाकाल की कृपा और सभी की शुभकामनाओं से वे जल्द ही इंदौर लौट रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री तुलसीराम सिलावट के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से इंदौर वापसी की व्यवस्था संभव हो सकी।
————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
