कोलकाता, 12 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में 2016 पैनल के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के नौकरी अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार को साल्ट लेक स्थित राज्य शिक्षा विभाग मुख्यालय विकास भवन के बाहर प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

अधिकारियों के अनुसार, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने तत्काल काउंसलिंग और नियुक्ति की मांग को लेकर मार्च निकालते हुए विकास भवन की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारी उन करीब 1,251 उम्मीदवारों की नियुक्ति की मांग कर रहे थे, जिन्हें अदालत के आदेश के बावजूद अब तक नौकरी नहीं मिली है।
पुलिस ने विकास भवन के पास बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक साइड रोड से बैरिकेड पार कर विकास भवन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों ने मुख्य द्वार पर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थियों सहित प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कुछ समय के लिए यातायात बाधित कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद राज्य प्रशासन ने अब तक काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू नहीं की है और न ही नियुक्ति पत्र जारी किए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांग बेहद स्पष्ट है कि तुरंत काउंसलिंग कराई जाए और उन्हें नियुक्ति दी जाए। उन्होंने प्रशासन पर जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
