हुगली, 10 फरवरी (हि. स.)। आगामी 12 फरवरी से शुरू होने वाली उच्च माध्यमिक परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों को एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की सुनवाई के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना भारी परेशानियों का सबब बन गया है।

श्रीरामपुर में नए मतदाताओं के लिए एसआईआर सुनवाई और फॉर्म नंबर-6 भरने की प्रक्रिया चल रही है। श्रीरामपुर महकमा शासक कार्यालय में चांपदानी और उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के नए मतदाताओं को बुलाया गया है। मंगलवार सुबह से ही कार्यालय के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। इन कतारों में कई उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी भी शामिल हैं।

परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा से पहले यह उनके अंतिम तैयारी का समय होता है, लेकिन घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो रही है। उनका दावा है कि एक दिन बाद ही परीक्षा है, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए मजबूरी में उन्हें एसआईआर प्रक्रिया को प्राथमिकता देनी पड़ रही है।
परीक्षार्थियों ने बताया कि अगर वे लाइन में खड़े नहीं होते, तो उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाएगा। इसलिए परीक्षा की तैयारी छोड़कर पूरे दिन कतार में खड़े रहना उनकी मजबूरी बन गई है। कई परीक्षार्थियों का कहना है कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद शाम तक काम पूरा होगा या नहीं, इसकी भी कोई निश्चितता नहीं है।
परीक्षार्थियों का आरोप है कि परीक्षा के ठीक पहले इस तरह की प्रक्रिया शुरू करना पूरी तरह से अव्यवस्था का परिचायक है। उनका कहना है कि पूरा एक दिन मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में नष्ट हो रहा है, जबकि यही समय उनकी परीक्षा की तैयारी के लिए बेहद अहम है।
इस पूरी स्थिति को लेकर परीक्षार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है और प्रशासन से मांग की जा रही है कि परीक्षा के समय को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए अलग व्यवस्था या वैकल्पिक तारीख तय की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
