उज्जैन, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उन्हेल थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स बेचने वाले युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ ही बाइक भी जब्त की है।

उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने मंगलवार को बताया कि इंगोरिया चौपाटी पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नागदा की ओर से बिना नंबर की बाइक पर एक युवक और युवती आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होने अचानक बाइक मोडक़र भागने का प्रयास किया। शंका होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर नवादा चौपाटी के पास दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मोह मद सोहेल पिता मो. अनवर 34 वर्ष निवासी बेगम बाग और रुबीना पति अजहर सैय्यद 36 वर्ष निवासी महिदपुर बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से एक बैग में रखी पॉलिथीन में 55.47 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रतलाम से लाता था ड्रग्सपुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया। जहां उनसे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सोहेल रतलाम से ड्रग्स लाकर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ पहले से महाकाल थाने में 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसके सक्रिय अपराधी होने की पुष्टि होती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
