
नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण कुमार की मृत्यु के बाद क्षेत्र में उत्पन्न तनाव को लेकर जमीअत उलमा-ए-हिंद ने चिंता व्यक्त की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी के निर्देश पर पश्चिमी रेंज के जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल से जनकपुरी स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करके महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है और मुस्लिम समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है। कुछ तत्व भड़काऊ गतिविधियों और सोशल मीडिया पर नफरत भरे संदेशों के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि राजधानी में खुलेआम नरसंहार जैसी धमकियां दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही इस पूरे मामले के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी पत्र भेजा गया है।
जमीअत ने तरुण कुमार की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग की। संगठन का कहना है कि यह घटना दो पक्षों के बीच विवाद का परिणाम प्रतीत होती है, लेकिन कुछ लोग इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। ज्ञापन में घटना के बाद आरोपियों और उनके पड़ोसियों के घरों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया। साथ ही नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार किसी भी कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया के तहत ही किया जाना चाहिए।
जमीअत ने प्रशासन से पांच प्रमुख मांगें रखी, जिसमें नफरत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पर रोकने, जेजे कॉलोनी में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, तोड़फोड़ और आगजनी की निष्पक्ष जांच करने तथा रमज़ान और ईद-उल-फितर के दौरान मुसलमानों को दुकानों और धार्मिक स्थलों पर पूर्ण सुरक्षा देने की मांग प्रमुख है।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और शांति समिति की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने मुस्लिम दुकानदारों और धार्मिक गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/अब्दुल वाहिद
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid
