लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री मोहसिन रज़ा ने प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) रणजी ट्रॉफी में चार टीम बनाने की मांग की। साथ ही सभी आयु वर्ग के लिए खेले जाने वाले मैच के लिए भी यही मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर उक्त मांग उठाई है। उन्होंने बीसीसीआई से उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धता और उनके खेल कौशल को आगे ले जाने में सहयोग किए जाने के उद्देश्य से कई टीमें बनाने की मांग पर ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे 25 करोड़ आबादी और 75 जनपदों वाले राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, लेकिन प्रदेश स्तरीय एक ही टीम होने से अवसर बेहद सीमित हैं।
वर्तमान व्यवस्था में प्रदेश स्तरीय एक ही टीम होने के कारण हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच नहीं मिल पाता। इसको लेकर पूर्व मंत्री रजा सेव उत्तर प्रदेश क्रिकेट मुहिम कई वर्षों से चला रहे हैं। खिलाड़ियों के उत्थान को लेकर एक बार फिर पूर्व मंत्री ने मुखर आवाज दोहराते हुए चार टीमें बनाए जाने की मांग की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की सुप्रीम कोर्ट द्वारा ऐसी कोई रोक नहीं है कि किसी राज्य से एक से अधिक या चार टीमें नहीं बन सकतीं। इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में कई टीम होने का हवाला दिया।
श्री रजा ने कहा कि रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की चार टीमें बनाने से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों (सभी 75 जनपदों) की प्रतिभाओं को समान प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
उन्होंने इस मांग को खिलाड़ियों के हित में आवश्यक बताते हुए इसे खेल व्यवस्था में सुधार का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से इस मुहिम में जुड़ने और समर्थन देने की अपील की। उनका कहना है कि “हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उसका हक और मंच मिलना चाहिए, यही इस अभियान का उद्देश्य है।”
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा
