कोलकाता, 29 जनवरी (हि.स.)।बृहस्पतिवार और शुक्रवार को उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में भी हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। कोहरे का असर दक्षिण बंगाल में भी देखने को मिलेगा।

हालांकि आधिकारिक रूप से सर्दियों की विदाई की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन दक्षिण बंगाल में तापमान बढ़ने लगा है। देर रात और सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन सुबह होते ही गर्मी बढ़ जाती है। इसी बीच अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि भले ही तेज सर्दी वापस न आए, लेकिन सुबह के समय दक्षिण बंगाल के सात जिलों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। यही स्थिति उत्तर बंगाल में भी रहेगी। इसके साथ ही दार्जिलिंग में बर्फबारी या हल्की बारिश की संभावना है। कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को उत्तर बंगाल में हल्की बारिश की संभावना बनी है। दार्जिलिंग में बर्फबारी हो सकती है, जबकि कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में एक-दो दौर की हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही सुबह के समय अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। सोमवार तक कोहरे का प्रभाव जारी रहने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण बंगाल में भी कोहरे का असर रहेगा। दक्षिण के सात जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 999 से 200 मीटर तक पहुंच सकती है। बृहस्पतिवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार तड़के कोलकाता का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा।
अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले कुछ दिनों में बंगाल में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कोलकाता में भी न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
