भागलपुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में शुक्रवार को एनटीपीसी कहलगांव के सौजन्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का विषय उद्यमिता कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण था। इस कार्यक्रम में एनएसएस की तरफ से आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर 2026 में भारत के 15 राज्यों से आने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों तथा कार्यक्रम पदाधिकारीयों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान की अध्यक्षा डॉक्टर सीता भगत और कार्यक्रम का संयोजन तथा संचालन विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ विवेक कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार थे। एनएसएस तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कोऑर्डिनेटर डॉ राहुल कुमार भी मौजूद थे। विभिन्न राज्यों से आए हुए एनएसएस यूनिट के प्रोग्राम ऑफीसर्स और एनएसएस स्वयंसेवक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में डॉक्टर विवेक कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के साथ किस तरह से उद्यमिता कौशल विकास को विकसित किया जाए तथा भविष्य को सुगम बनाया जाए विषय पर आगंतुकों को परिचय कराया।
विभाग के प्रोजेक्ट वैज्ञानिक डॉ रंजन कुमार मिश्रा ने प्रायोगिक रूप से विभिन्न उद्यमिता कौशल को प्रदर्शित किया। इस कार्यक्रम में वर्मी कंपोस्टिंग, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा शहद उत्पादन, मखाना की खेती और उत्पादन, पौधा रोपण और वन संरक्षण आदि विषयों पर गहन चर्चा और विमर्श हुआ। प्रायोगिक रूप से दिखाए गए इन विधियों का दर्शकों पर सटीक और उपयोगी असर हुआ। दूर दराज राज्यों से आए हुए प्रतिभागी अत्यंत उत्साह पूर्वक इस कार्यक्रम में शामिल हुए और सारी विधियों को सूक्ष्मता से अध्ययन किया और लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्न उत्तर सेशन चला जिसमें प्रतिभागी अपने संदेह को स्पीकर से पूछे और संतुष्ट हुए। इसी क्रम में भागलपुर के प्रसिद्ध समाज सुधारक डॉक्टर मनोज कुमार ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में डॉक्टर विवेक कुमार सिंह ने अतिथियों को धन्यवाद देते हुए तथा भविष्य में विभाग के सहयोग को दर्शाते हुए अतिथियों से विदा लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
