सीवान, 15 अप्रैल (हि.स.)। 12वीं बिहार राज्य सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में उपविजेता बनकर लौटी सीवान महिला फुटबॉल टीम का मैरवा रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। टीम के पहुंचते ही खिलाड़ियों का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया।

रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक संजय पाठक ने खिलाड़ियों का मौर्य एक्सप्रेस से उतरते ही गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने बताया कि सीवान की महिला टीम पूरे टूर्नामेंट में बेहद सशक्त प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची, लेकिन मुजफ्फरपुर के खिलाफ टाई-ब्रेकर में 2-0 से हारकर उपविजेता रही।
उन्होंने जानकारी दी कि यह चैंपियनशिप 31 मार्च से 14 अप्रैल 2026 तक लखीसराय में आयोजित हुई थी। सिवान टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जमुई को 5-0, क्वार्टर फाइनल में पूर्णिया को 7-0 और सेमीफाइनल में पश्चिमी चंपारण को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
फाइनल मुकाबला 14 अप्रैल को फ्लड लाइट में खेला गया, जिसमें निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। अंततः टाई-ब्रेकर के जरिए निर्णय हुआ, जिसमें मुजफ्फरपुर ने 2-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। संजय पाठक ने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा और उनका उत्साह उच्च स्तर पर है।
टीम के उपविजेता बनने पर जिला फुटबॉल संघ के उमाशंकर प्रसाद, सहंतजी, मुन्ना खान, सचिव मखदूम खान, धर्मनाथ यादव, आईएमए सिवान के सचिव डॉ. शरद चौधरी, अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिन्हा, डॉ. राजन कल्याण सिंह, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. अलख निरंजन पांडेय, निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, मुख्य संरक्षक डॉ. आर.एन. ओझा सहित कई खेल प्रेमियों ने टीम की खिलाड़ियों को बधाई दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
