प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी ओरिजिनल ड्रामा सीरीज ‘मटका किंग’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। नागराज मंजुले द्वारा निर्मित, लिखित और निर्देशित इस सीरीज को अभय कोरान्ने ने लिखा है। ट्रेलर 1960 के दशक के तेजी से बदलते बॉम्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित एक दिलचस्प कहानी की झलक देता है, जिसमें एक आम आदमी के असाधारण सफर को दिखाया गया है।

सीरीज में विजय वर्मा ब्रिज भट्टी नामक एक महत्वाकांक्षी कॉटन ट्रेडर के किरदार में नजर आएंगे, जो ‘मटका’ जुए के साम्राज्य को खड़ा करता है। कहानी दिखाती है कि कैसे अमीरों के शौक को वह देशभर का जुनून बना देता है, लेकिन इसके साथ जोखिम और खतरे भी बढ़ते जाते हैं। सीरीज में कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव और गुलशन ग्रोवर सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
विजय वर्मा ने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए एक रोमांचक और चुनौतीपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि 1960 के दौर की इस कहानी में किरदार को जीना उनके लिए बेहद खास रहा। उनके मुताबिक, यह सीरीज महत्वाकांक्षा, ताकत और सफलता की कीमत की कहानी है, जो दर्शकों को बांधे रखेगी। ‘मटका किंग’ 17 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे
