भागलपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे अवैध शराब, आर्म्स और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को एसएसपी कार्यालय से दी गई।

बताया गया कि 08 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुसूदनपुर थाना अंतर्गत कचिया चौक के आसपास एक अपराधी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रफुलित यादव को कंझिया चौक से एक देशी पिस्टल और पाँच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर सहयोगी अपराधी शकलेदेव यादव को उसके घर से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
