
सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 स्थित वायसी चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन, संभवतः ट्रक, ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़ा।

मृतक की पहचान करजाइन वार्ड संख्या 8 निवासी उपेन्द्र पासवान के पुत्र श्याम कुमार (21 वर्ष) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार श्याम कुमार वीरपुर से करजाइन की ओर जा रहा था। इसी दौरान वायसी चौक के पास एक ट्रक बैक करने के क्रम में उसकी बाइक से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और करजाइन पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में करजाइन थाना प्रभारी ललन झा ने बताया कि ट्रक और बाइक की टक्कर में युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थानीय लोगों की मदद से फरार ट्रक व उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
