मंडी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी के नए आए पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं में सबसे जरूरी नशे के व्यापार पर लगाम लगाना बताया है। पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार मीडिया से रू ब रू होते हुए उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार जिसमें चिट्टा हैरोईन का लगातार प्रचलन बढ़ने लगा है पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ी योजना बनाई जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोग जो किसी ने किसी कारण से अदालत में सजा से बच जाते हैं इसे कम करने के लिए मंडी पुलिस एक विशेष सेल का गठन करेगी। इस टीम में विषय विशेषज्ञ पुलिस कर्मियों को रखा जाएगा। एनडीपीएस के केसों पर विशेष अध्ययन होगा तथा इस तरह से अदालत में इनको मजबूती के साथ रखा जाएगा कि हर तस्कर को सजा मिले। जिन कमियों के कारण तस्कर बरी हो जाते हैं उन्हें दूर किया जाएगा। स्कूल कालेजों में भी एक विशेष अभियान जागरूकता को लेकर चलाया जाएगा।

उन्होंने अपनी प्राथमिकता में महिला अपराध के मामलों को सख्ती से निपटना भी बताया। साथ ही मंडी की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने प्रदेश सरकार का आभार जताया कि उन्हांेने मंडी जैसे महत्वपूर्ण जिले का कप्तान बनाकर उन्हें खास जिम्मेवारी सौंपी है। मंडी के पुलिस अधीक्षक बनने का जो उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है उसे वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतर कर पूरा करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि यातायात को लेकर समय समय पर अदालत व सरकार की गाइडलाइन आती रहती है। वाहनों के चालान करने में कोई छोटा बड़ा नहीं देखा जाएगा। एक समान कार्रवाई होगी। फलैग रॉड लगी गाड़ियों व बिना नंबर प्लेट के ही दौड़ते कंपनियों के बड़े वाहनों की हो रही भरमार के सवाल पर उन्होंने इस संदर्भ में कार्रवाई करने की बात कही। मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव शुरू हो रहा है। इसमें यातायात व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडी शहर को 6 सेक्टर में बांटा गया है। मेला स्थल पड्डल में तीन सब सेक्टर भी बनाए गए हैं।
जिला सोलन के मूल निवासी मंडी के नए पुलिस कप्तान 2006 बैच के हिमाचल पुलिस सेवाएं के अधिकारी हैं तथा पहली बार किसी जिले में कप्तान के तौर पर तैनाती हुई है। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा भी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
