
बरेली, 21 फरवरी (हि.स.) । जिले में चल रहे स्कूल आधारित मीजल्स-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान में बरेली प्रदेश में अब तक सबसे आगे चल रहा है। 16 फरवरी से शुरू हुए अभियान के तहत पहले चार कार्यदिवसों में 2,168 सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के कुल 93,315 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। अभियान में कक्षा एक से पांच तक के 5 से 10 वर्ष के बच्चों को एमआर का निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने शनिवार काे बताया कि खसरा और रूबेला दोनों ही संक्रामक बीमारियां हैं, जिन्हें एमआर टीके से प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि “एक टीका, दो सुरक्षा” के संदेश को अपनाते हुए बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं और रमजान के चलते कई स्कूल और मदरसे बंद होने से अभियान की गति प्रभावित हुई है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए मेयर डॉ. उमेश गौतम समेत वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के प्रतिनिधियों ने अभिभावकों से बच्चों का टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और नि:शुल्क है।
अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दोहरा रोड स्थित जीआरएम विद्यालय बरेली में छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाकर एमआर टीकाकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वहीं रोटरी क्लब बरेली की ओर से कार रैली निकालकर अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया और एएनएम को बैनर उपलब्ध कराए गए।
अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण का प्रमाणपत्र यूविन पोर्टल से पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
