जोधपुर, 02 अप्रैल(हि.स.)। कमिश्नरेट जिला पश्चिम में ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में गुरूवार को डीएसटी वेस्ट में जीआरपी थाने में वांटेड 25 हजार के इनामी आरोपित को पकड़ा है। वह पांच साल से मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण में राजकीय रेलवे पुलिस का वांटेड था। उसे अब जीआरपी को सौंपा गया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने बताया कि जिला पश्चिम की तरफ से ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। इस कड़ी में जिला पश्चिम की डीएसटी प्रभारी एसआई महेंद्र सिंह को मुखबिरी सूचना मिली कि रेलवे पुलिस थाने के मादक पदार्थ तस्करी का एक वांटेड जोधपुर आया हुआ है। इस पर डीएसटी वेस्ट के एएसआई गजेेंद्र, हैडकांस्टेबल गंगासिंह, साइबर सैल के हैडकांस्टेबल प्रेम चौधरी, डीएसटी के कांस्टेबल राजूसिंह, प्रेम, जगदीश प्रसाद, राजूराम एवं रामूराम की टीम ने वांटेड बजरंग नगर जांबा निवासी रामस्वरूप उर्फ रामा मांजू को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था और वह वर्ष 2021 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट में फरारी काट कर रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
