जयपुर, 11 मार्च (हि.स.)। जलदाय विभाग में ओएंडएम (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के निजीकरण के विरोध में प्रदेशभर के कर्मचारी 13 मार्च को जयपुर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन (इंटक) राजस्थान के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कर्मचारी जयपुर पहुंचकर जलभवन का घेराव करेंगे और निजीकरण के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।

यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, महामंत्री राजेन्द्र सिंह सोलंकी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह शेखावत और जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आंदोलन जलदाय विभाग में ओएंडएम कार्यों के निजीकरण के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में तकनीकी कर्मचारी, मंत्रालयिक कर्मचारी तथा अभियंता वर्ग के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
नेताओं का कहना है कि विभाग में निजीकरण लागू होने से कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे और जल सेवाओं की व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। इसी के विरोध में कर्मचारी संगठन एकजुट होकर सरकार के निर्णय के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
आंदोलन को कई कर्मचारी संगठनों का समर्थन भी मिला है। इसमें राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, राजस्थान राज्य कर्मचारी बेरोजगार मजदूर महासंघ के पदाधिकारी, प्रदेश जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रामदयाल परिहार, प्रदेश महामंत्री बाबूलाल यादव, संयुक्त संघर्ष समिति जनता जल योजना जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग राजस्थान के संयोजक जयप्रकाश शर्मा, वाहन चालक तकनीकी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विजय सिंह, जयपुर जिला ठेका जलकर्मी संघ के अध्यक्ष राजपाल और महामंत्री जयप्रकाश सहित कई संगठनों के पदाधिकारी आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देंगे।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के दौरान कर्मचारी जलभवन पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और निजीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग उठाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
