मीरजापुर, 28 जनवरी (हि.स.)। थाना साइबर क्राइम मीरजापुर की टीम ने ओटीपी के जरिए हुई ऑनलाइन ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 4,84,997 रुपये की धनराशि वापस कराई है। इस कार्रवाई से साइबर अपराध के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।

पुतरिहा, थाना पड़री निवासी रिंकू सेठ पुत्र होरीलाल सेठ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर ओटीपी भेजकर एक लिंक के माध्यम से उनके एचडीएफसी बैंक खाते से करीब 15 लाख रुपये की अवैध ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर क्राइम मीरजापुर पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफर की गई धनराशि में से 4,84,997 रुपये को सुरक्षित कर पीड़ित के खाते में वापस करा दिया। बुधवार को धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित रिंकू सेठ थाने पहुंचे और साइबर क्राइम पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस द्वारा पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ओटीपी, लिंक और अनजान कॉल से होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामनरायन राम, निरीक्षक संजय कुमार तथा मुख्य आरक्षी सौरभ कुमार राय, थाना साइबर क्राइम मीरजापुर शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
