भुवनेश्वर, 11 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया है । इस चुनाव में कुल 2.53 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 358 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह सीट राजेन्द्र ढोलकिया के निधन से रिक्त हुई थी।

चार बार के विधायक ढोलकिया का आठ सितम्बर 2025 को निधन हो गया था। कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के जय ढोलकिया, बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया और कांग्रेस के घासीराम मझी के बीच है। प्रशासन ने 14 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात की हैं। इसके साथ ही दूरस्थ और माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

ज्यादातर मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा, जबकि 47 संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा कारणों से शाम चार बजे मतदान समाप्त हो जाएगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
