औरैया, 25 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दूल्हे संग दुल्हन विदा हाेकर हेलीकॉप्टर से आई। हेलीकॉप्टर से लौटे नवविवाहित युगल के स्वागत के लिए अजीतमल में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा, लोगों ने फूलों की वर्षा कर नवदंपति का जोरदार स्वागत किया। पूरा माहौल उत्साह, रोमांच और खुशियों से सराबोर नजर आया।


हेलीकॉप्टर से विदाई, परिवार के सपने को मिला आकार
दूल्हे निर्वेश राजपूत ने बताया कि उनके पिता सतेंद्र राजपूत तथा बाबा स्वर्गीय दया किशन राजपूत की लंबे समय से इच्छा थी कि परिवार की बहू हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे। परिवार के इस सपने को साकार करते हुए उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी को हेलीकॉप्टर से विदा कराने का निर्णय लिया। इस विशेष अवसर पर उनके चाचा और जीजा भी साथ रहे। दूल्हे ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार और रोमांचक पल बताया।
-दुल्हन ने जताई खुशी, खुद को बताया भाग्यशाली
दुल्हन स्वाति (आकांक्षा) राजपूत ने हेलीकॉप्टर में बैठकर विदाई को अपने जीवन का अनोखा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें ऐसा ससुराल मिला। इस दौरान परिवार के सदस्य भावुक भी दिखे और सभी ने नवदंपति के सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
सिंहवाहिनी महाविद्यालय मैदान में उतरा हेलीकॉप्टर
अजीतमल के आदमपुर स्थित सिंहवाहिनी महाविद्यालय परिसर में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई। धूल उड़ने से रोकने के लिए मैदान में पहले से पानी का छिड़काव कराया गया था, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
-महोबा में संपन्न हुई वैदिक रीति से शादी
दूल्हे निर्वेश राजपूत की बारात मंगलवार को जनपद महोबा के भटेवरा कला, चरखारी निवासी देशपत राजपूत के यहां पहुंची, जहां उनकी पुत्री आकांक्षा राजपूत के साथ वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। बुधवार दोपहर दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई।
-क्षेत्र में बना चर्चा का विषय
जनपद औरैया में हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई का यह अनोखा आयोजन लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना रहा। बदलते समय के साथ शादी समारोहों में इस तरह के नवाचार सामाजिक स्तर पर नया ट्रेंड बनते नजर आ रहे हैं। यह विवाह समारोह क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
