मीरजापुर, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में कछवां थाना की साइबर सेल ने कैश बैक के नाम पर हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। साइबर ठगी के शिकार हुए व्यक्ति के खाते से ठगी कर निकाली गई 9 हजार 994 रुपये की राशि को सुरक्षित वापस कराकर पीड़ित के खाते में जमा कराया गया।

साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान ने मंगलवार काे बताया कि कछवां बाजार निवासी धनंजय उपाध्याय ने 17 जनवरी को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि गूगल पे पर कैशबैक मिलने का झांसा देकर ठगों ने उनसे 10,993 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से ट्रांसफर की गई धनराशि का पता लगाया और 9,994 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए।

राशि वापस मिलने पर पीड़ित धनंजय उपाध्याय ने मंगलवार को थाना पहुंचकर पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार जताया। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और दूसरों को भी सतर्क करने की अपील की।————-
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
