कठुआ, 09 फरवरी (हि.स.)। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को जिले के विभिन्न गांवों से चयनित 50 किसानों के एक प्रशिक्षण-सह-अवलोकन भ्रमण दल को सेंट्रल पोटैटो रिसर्च इंस्टीट्यूट जालंधर के लिए रवाना किया। यह भ्रमण सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन के तहत आयोजित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ जतिंदर कुमार खजूरिया और जिला कृषि अधिकारी (विस्तार) राज सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि प्रतिष्ठित शोध संस्थानों में दिया जाने वाला प्रशिक्षण किसानों के कौशल विकास और नवीन तकनीकों के प्रसार में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम किसानों को सशक्त बनाने, उत्पादन बढ़ाने, सतत कृषि पद्धतियों को अपनाने, क्षमता निर्माण तथा कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।

डीसी ने किसानों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी आय और उत्पादकता बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के एक्सपोजर टूर से किसानों को फसल उत्पादन के विभिन्न पहलुओं जैसे रोग एवं कीट प्रबंधन, उन्नत किस्मों का उपयोग और कटाई-उपरांत तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान किसानों को राष्ट्रीय स्तर के शोध संस्थानों में अपनाई जा रही आधुनिक एवं स्मार्ट कृषि तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
यह कार्यक्रम जिले के कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने, किसानों की आजीविका में सुधार लाने और खाद्य सुरक्षा को समर्थन देने में महत्वपूर्ण योगदान देने की उम्मीद है। इस अवसर पर एडीओ (सब्जी) कठुआ विजय कुमार अबरोल, एमडीओ कठुआ अशोक सरमल सहित कृषि उत्पादन विभाग कठुआ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
