कठुआ, 22 फरवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 गोवंश को मुक्त कराया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक भी जब्त किया है।

यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। थाना राजबाग के प्रभारी के नेतृत्व में राजबाग पुलिस टीम ने जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए गए नाके के दौरान लखनपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध केंटर नंबर एनएल01एन-0553 को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान केंटर में 24 गोवंश को बेरहमी से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को जब्त कर लिया। इसके साथ ही सभी 24 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना राजबाग में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। कठुआ पुलिस ने स्पष्ट किया कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
